home page

अंत्योदय की भावना साकार कर रही डबल इंजन सरकार-नितिन नवीन

 | 
अंत्योदय की भावना साकार कर रही डबल इंजन सरकार-नितिन नवीन


अंत्योदय की भावना साकार कर रही डबल इंजन सरकार-नितिन नवीन


जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार विकास की योजनाओं को गांवों और कस्बों तक पहुंचा रही है, जिससे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना धरातल पर साकार हो रही है। नवीन शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में जयपुर के दादिया में आयोजित सेवा संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे।

सेवा संकल्प सभा के जरिये भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम भजनलाल शर्मा सहित अन्य बड़े नेताओं ने पंचायत चुनाव का बिगुल फूंक दिया। सभा काे संबाेधित करते हुए नवीन ने कहा कि अंत्योदय की भावना को जमीन तक पहुंचाने के सबसे बड़े सारथी विधायक, सांसद, हमारे निकाय और पंचायत के प्रतिनिधि हैं क्योंकि उनका सीधे जनता से जुड़ाव होता है। अंत्योदय की परिकल्पना को कोई साकार कर सकता है, तो वह थ्री-टायर सिस्टम के हमारे निकाय और पंचायतीराज व्यवस्था के जनप्रतिनिधि ही कर सकते हैं। नवीन ने कहा कि निकाय चुनावाें में सभी जीते जनप्रतिनिधियों को बधाई देता हूं। जिस आंकड़े और संख्या बल को भाजपा लेकर आई है, उसके लिए कह सकते हैं कि डबल इंजन सरकार को जनता का आशीर्वाद मिला है। उपाध्याय ने जिस सोच और विचार के साथ काम किया, उसको भाजपा ने अपनाया। अंत्योदय पर काम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम भजनलाल शर्मा ने इसी के आधार पर योजना बनाई। अंत्योदय के आधार पर काम किया। निकाय, पंचायत के प्रतिनिधि का जनता से सीधा जुड़ाव होता है, इसलिए अंतिम व्यक्ति तक ये आसानी से योजनाओं को पहुंचा सकते हैं। पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा का सपना पूरा हो रहा है। हमें सेवा करने का मौका मिला है, इसलिए सत्ता में ही नहीं, उनके जीवन में भी बदलाव लाया जाए। उन्हाेंने कहा, कुछ लोग कहते हैं हम क्यों भाजपा की सरकार आने से पहले ही कहते हैं कि सरकार आएगी। यह विश्वास जनता की सेवा और उसके भरोसे को जीतने से आता है। काम करके भरोसा जीता जाता है। उन्होंने मोदी सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि बदलाव जनता के जीवन में आता है। इसलिए हम जीतकर आते हैं। निकाय के परिणाम बताते हैं कि जनता का विश्वास मिलेगा। हमें उसके जीवन में बदलाव लाने के भाव से काम करना है। अंतिम व्यक्ति तक उसका फायदा मिले, तभी हमारा जनप्रतिनिधि होने का लक्ष्य पूरा होगा।

मैं भी शहरी जनप्रतिनिधि रहा। सुबह पांच बजे उठकर काम को निकलना पड़ता है। जनता का जुड़ाव रहे। उसकी कसौटी पर खरे उतरें, उनकी सेवा भाव के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। राजस्थान के हर शहर को आत्मा के रूप में संस्कारों और विचारों से बसाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीब कल्याण की भावना से काम कर रही है। देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को आवास, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की गरिमा और सम्मान सुनिश्चित हुआ है और 60 करोड़ परिवारों को आयुष्मान योजना का कवच मिला है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 75 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को लाभ मिला है। 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि गरीब के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंची है। इसलिए गरीबों एवं महिलाओं का आशीर्वाद उनकी सरकार के साथ है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छता की सोच से पूरे देशवासियों को जोड़कर इसे घर-घर का मिशन बनाया है। आज का युवा केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनकर उभर रहा है। वहीं, 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदी आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान से हम सब को जुड़ना है और जनता के सुख-दुख में भागीदार बनने में ही जनप्रतिनिधि की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के विजन के अनुरूप विगत पौने तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। वहीं लाखों युवाओं का रोजगार का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, किशाऊ परियोजनाओं से प्रदेश ने जल आत्मनिर्भता की ओर मजबूत कदम बढ़ाए हैं। हमारी सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत काम सिर्फ ढाई साल के कार्यकाल में ही पूर्ण कर लिए हैं। युवा, महिला, किसान, मजदूर के कल्याण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

शर्मा ने कहा कि राजस्थान भर से जीतकर निकाय प्रतिनिधि आए हैं। देश में मोदी सरकार में हर क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। गरीब कल्याण के कामों में हम सभी को हिस्सेदारी लेनी है। ढाई साल में काम किया है, वो आपके सामने है। पानी, चिकित्सा, शिक्षा, बिजली के काम आपके सामने हैं। मोदी ने राजस्थान की कई समस्याओं का समाधान किया है। किसाऊ समझौता हाल ही में हुआ। पानी पर दो लाख करोड़ के काम मंजूर हुए। ढाई साल में 12 हजार मेगावाट का उत्पादन किया है। विधानसभा में कहा था वन स्टेट वन इलेक्शन को कहा था। कांग्रेस ने कहा कि कोई कक्का जी नहीं करा सकते, अब काका जी ने करा दिए हैं। डबल इंजन में ट्रिपल इंजन जुड़ेगा तो काम तेजी से होगा। क्योंकि पैसा निकायों और पंचायत से जाता है। उम्मीद है कि पंचायतों को भी जिताओगे। 78 फीसदी काम ढाई साल में किए हैं। कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को रौंदा है। आलू से सोना हम नहीं करते। कांग्रेस के लोग बौखला गए हैं। हमने नियम बनाकर परिसीमन किया था। लक्ष्मणगढ़ सहित कई जगह कैसे इन्होंने काम किया। अपनी गिरेबान में कांग्रेस झांके, उनकी मनमानी नहीं चलेगी।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न जिलों को 2636 करोड़ रुपये के 929 विकास कार्यों की सौगात दी। सार्वजनिक निर्माण विभाग के 957 करोड़ से अधिक के 451 कार्यों, विद्युत विभाग के 1,246 करोड़ के 135 कार्यों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 302 करोड़ के 70 कार्यों, आयुर्वेद विभाग के 2.90 करोड़ के 9 से अधिक कार्यों, स्कूल शिक्षा विभाग के 32.06 करोड़ के 149 से अधिक कार्यों, उच्च शिक्षा विभाग के 46 करोड़ से अधिक के 8 कार्यों तथा खेल एवं युवा विकास विभाग के 6.50 करोड़ के विभिन्न कार्यों सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के 36 लाख लाभार्थियों के खातों में 400 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। पालनहार योजना के 4 लाख 75 हजार लाभार्थियों को 50 करोड़ रुपये, एलपीजी सब्सिडी भुगतान योजना के तहत 30 लाख लाभार्थियों को 100 करोड़, गोपालन योजना के तहत 723 पात्र गोशालाओं को 200 करोड़ एवं फसल खराबा योजना के तहत 40 हजार 123 प्रभावित काश्तकारों को 49 करोड़ 94 लाख रुपये की कृषि आदान-अनुदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। नवीन और सीएम भजनलाल ने यहाँ से पंचायत चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रचार को 90 प्रचार रथों को रवाना किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश