home page

सेवा संकल्प यात्रा से जनसेवा का संदेश, मुख्यमंत्री बोले- प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम

 | 
सेवा संकल्प यात्रा से जनसेवा का संदेश, मुख्यमंत्री बोले- प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम


सेवा संकल्प यात्रा से जनसेवा का संदेश, मुख्यमंत्री बोले- प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम


बीकानेर/जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। सेवा, अनुशासन, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। यह यात्रा वडनगर से वाराणसी तक प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम बन रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को बीकानेर में सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित बाइक रैली के प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संवाद में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा को समर्पित रहे हैं। इसी सेवा भाव को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए यात्रा का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने बीकानेर पहुंचे बाइक रैली के प्रतिभागियों से भी संवाद कर उनके अनुभव जाने तथा कलश यात्रा और वडनगर से वाराणसी जा रही बाइक रैली को रवाना किया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को नई गति दी है। राजस्थान में भी इससे प्रेरित होकर हरियालो राजस्थान अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है और अब तक 28 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत में यात्रा और सेवा दोनों सामाजिक संस्कारों से जुड़े रहे हैं। ऐसी यात्राएं करुणा, विनम्रता और अनुशासन सिखाती हैं। गांव-कस्बे ज्ञान और समाधान के समृद्ध केंद्र हैं। एक गांव का प्रयोग दूसरे गांव के काम आ सकता है और एक युवा का समाधान दूसरे युवा की ताकत बन सकता है।

प्रधानमंत्री ने युवाओं को विकसित भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं को देश को समझने, विभिन्न सामाजिक वर्गों से मिलने और उनकी आकांक्षाओं को जानने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किया गया हर कार्य लंबे समय तक याद रखा जाता है।

संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने ब्यावर की डॉ. देवांगी तथा डेगाना के हर्षवर्धन सिंह और कुलदीप से बातचीत कर यात्रा के अनुभव जाने। राजस्थान में पौधारोपण के दौरान पौधे के पास घड़ा गाड़ने का सुझाव भी दिया, जिससे पानी की बचत के साथ पौधे को पर्याप्त नमी मिल सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनसेवा से देशसेवा ही उनका मंत्र है और लोगों का आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी भावना से नागरिकों को केंद्र में रखकर नीतियां एवं योजनाएं आगे बढ़ती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा, महिला, किसान और मजदूर के सशक्तीकरण पर जोर दिया जा रहा है। राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य से जुड़ी विभिन्न जल परियोजनाओं को भी गति मिली है। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित