home page

भाजपा 17 सितंबर से शुरू करेगी सेवा संकल्प अभियान

 | 
भाजपा 17 सितंबर से शुरू करेगी सेवा संकल्प अभियान


जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत विभिन्न सेवा प्रकल्पों और कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्ष के राजनीतिक जीवन और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक माह का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। अभियान संगठन और सरकार के स्तर पर प्रदेश से लेकर बूथ तक आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के रूप में दिए हैं। प्रधानमंत्री अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हैं। इसी भावना के तहत सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रधानमंत्री की जनहितैषी योजनाओं और उनसे हुए बदलावों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान से विशेष लगाव रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने राजस्थान को नर्मदा का पानी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में विकसित भारत संकल्प और 25 वर्ष की सेवा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा।

‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। वहीं ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और देश की सांस्कृतिक एकता के भाव को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न टोलियां वडनगर से वाराणसी के बीच यात्रा करेंगी और मार्ग में जल कलश से शिव का अभिषेक किया जाएगा।

शर्मा ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सामाजिक बदलाव से जुड़े सेवा कार्य किए जाएंगे। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी। पात्र लोगों को योजना की जानकारी, आवेदन और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग दिया जाएगा।

‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली, लोककला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और नवाचारकर्ताओं को जनसेवा से जोड़ने का प्रयास होगा। अभियान के अंत में ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान को सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल