home page

भाजपा राजस्थान के फेसबुक पेज ने 30 लाख सदस्य पूरे किए, प्रदेश नेतृत्व ने जताया आभार

 | 
भाजपा राजस्थान के फेसबुक पेज ने 30 लाख सदस्य पूरे किए, प्रदेश नेतृत्व ने जताया आभार


जयपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के आधिकारिक फेसबुक पेज द्वारा 3 मिलियन (30 लाख) सदस्यों का आंकड़ा पार करने पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया है।

राठौड़ ने कहा कि “3 मिलियन स्टॉग – आपका विश्वास, हमारी शक्ति” केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भाजपा के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रमाण है। उन्होंने इसे संगठन के कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और सेवा भाव का परिणाम बताते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने सोशल मीडिया संयोजक हिरेंद्र कौशिक और उनकी टीम के कार्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राठौड़ ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है और भाजपा ने इसका उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है और कार्यकर्ताओं को अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संगठन के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जुड़ाव ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य को और अधिक मजबूती देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश