पुष्कर में भाजपा के राजेंद्र बाकोलिया निर्विरोध सभापति निर्वाचित, कांग्रेस प्रत्याशी नारायण दायमा ने नामांकन लिया वापस
अजमेर, 18 सितम्बर(हि.सं.)। पुष्कर नगर परिषद में भाजपा के राजेंद्र बाकोलिया निर्विरोध सभापति बन गए हैं। सभापति पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी नारायण दायमा ने नामांकन वापसी के अंतिम दिन अपना नाम वापस ले लिया। इसके साथ ही सभापति पद के लिए मतदान की आवश्यकता समाप्त हो गई।
पुष्कर नगर परिषद के 25 वार्डों में भाजपा ने 19, कांग्रेस ने 4 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 2 वार्डों में जीत दर्ज की थी। संख्या बल के लिहाज से भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत था। हालांकि कांग्रेस ने नारायण दायमा को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मुकाबला बनाए रखा था। सभापति पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित था। वार्ड नंबर 2 से निर्वाचित राजेंद्र बाकोलिया लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने पार्टी में कार्यालय मंत्री से लेकर महामंत्री तक विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं। पार्षद के रूप में भी उनका राजनीतिक अनुभव रहा है। नामांकन वापसी के साथ ही पुष्कर नगर परिषद में भाजपा का सभापति निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। निर्विरोध निर्वाचित होने से कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत का कद बड़ा है। लगातार भाजपा का बोर्ड बना है। रावत भी लगातार तीसरी बार पुष्कर क्षेत्र से विधायक बने हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

