भाजपा प्रदेशभर में विविध सेवा प्रकल्पों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाएंगी जनहितैषी योजनाएं
जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत संगठन और सरकार के स्तर पर प्रदेश से लेकर बूथ तक विभिन्न सेवा प्रकल्प और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक 25 वर्ष के राजनीतिक सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सेवा, परोपकार, साहस और दृढ़ निश्चय से जुड़ा रहा है। इस बार भाजपा सेवा पखवाड़े के बजाय पूरे एक माह तक विविध कार्यक्रम आयोजित करेगी। अभियान में प्रदेश स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री, जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के दिए हैं। वे अपना जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाते हैं। इसी भावना के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विविध प्रकल्पों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान से विशेष लगाव रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने बिना मांग के राजस्थान को नर्मदा का पानी देने का काम किया था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। शाम 7 बजे दीया जलाया जाएगा। इसके बाद ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में स्कूल स्तर पर विकसित भारत संकल्प और 25 वर्ष की सेवा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता होगी। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के जरिए सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव आमजन तक पहुंचाए जाएंगे। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन यात्रा और देश की सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया जाएगा। विभिन्न टोलियां वडनगर से वाराणसी के बीच यात्रा करेंगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए जल कलश से शिव का अभिषेक करेंगी।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत समाज में बदलाव लाने वाले सेवा कार्य किए जाएंगे और उनके सकारात्मक परिणामों को सामने रखा जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन और लाभ लेने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली, लोककला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और नवाचारकर्ताओं की प्रतिभा को जनसेवा से जोड़ा जाएगा।
अभियान के समापन चरण में ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा इस अभियान को सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का महाअभियान बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्पों से प्रेरणा लेकर राजस्थान में भी सेवा, सुशासन और विकास की यात्रा को नई गति दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

