home page

शपथ ग्रहण के दूसरे दिन भाजपा को बड़ा झटका: बागी पार्षद महेश तेली ने थामा कांग्रेस का हाथ

 | 
शपथ ग्रहण के दूसरे दिन भाजपा को बड़ा झटका: बागी पार्षद महेश तेली ने थामा कांग्रेस का हाथ


बांसवाड़ा, 24 सितंबर (हि.स.)।

बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव में सभापति और उप सभापति के पदभार ग्रहण करने के महज दूसरे दिन ही भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। हाल ही भाजपा के टिकट पर रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करने वाले पार्षद महेश तेली ने पार्टी से नाता तोड़ते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया है। महेश तेली ने अपने वार्ड में सबसे अधिक मतदान से जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान के चलते आखिरकार उनका मोहभंग हो गया।

गुरुवार को महेश तेली कांग्रेस पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष की उपस्थिति में उन्होंने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता धनसिंह रावत और हकरू मईडा के कार्य करने के तरीकों तथा पार्टी के आंतरिक फैसलों से महेश तेली खासे नाराज चल रहे थे।

इस विवाद की मुख्य वजह उप सभापति पद के नाम की घोषणा बनी। इसके बाद से ही महेश तेली लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साध रहे थे और तीखे तंज कस रहे थे। पिछले चार दिनों से उनके इन सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर जिले की राजनीति में हलचल तेज थी, जो अब उनके पाला बदलने के साथ ही स्पष्ट हो गई है। तेली ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता दोहरे चरित्र के हैं इसके चलते उन्होंने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है।

आगामी पंचायती राज चुनाव से ठीक पहले इस तरह से एक लोकप्रिय पार्षद का बागी होकर विपक्षी खेमे में जाना भाजपा के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है, जबकि कांग्रेस इसे अपनी एक बड़ी राजनीतिक बढ़त मान रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष