home page

राजस्थान के सात भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन : मदन राठौड़

 | 
राजस्थान के सात भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन : मदन राठौड़


जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल, सोमवार को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान आ रहे नितिन नवीन प्रदेश के सात नए जिला कार्यालयों का उद्घाटन तथा जालोर भाजपा कार्यालय का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन टोंक जाएंगे, जहां वे टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अन्य जिला कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि नितिन नवीन जयपुर पहुंचने के बाद टोंक जाएंगे, जहां टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद आमजन और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी भाजपा कार्यालयों में किया जाएगा। इसके पश्चात वे जयपुर भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल होंगे। इस दौरान वे भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे और संगठन विस्तार को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश