home page

डबल इंजन सरकार ने ग्राम विकास के लिए ऐतिहासिक काम किया: कुलजीत सिंह चहल

 | 
डबल इंजन सरकार ने ग्राम विकास के लिए ऐतिहासिक काम किया: कुलजीत सिंह चहल


जयपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि गांव, गरीब और किसान की खुशहाली के लिए प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। इन कार्यों को हर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल है और पंचायती राज चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद पार्टी को मिलेगा।

चहल रविवार को पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के संबंध में भाजपा के प्रदेश मीडिया, सोशल मीडिया और आइटी विभाग की बैठक में प्रवक्ताओं, पैनलिस्ट और विभागीय टीम के सदस्यों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए हर माध्यम का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ईआरसीपी और यमुना जल समझौता किसानों के खेत-खलिहान तक पानी पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से सुदूर गांवों और ढाणियों तक हर घर जल पहुंचाने का काम हुआ है। उनके अनुसार इन कार्यों से जनता में भाजपा के प्रति उत्साह है।

चहल ने कहा कि किसानों के खेत तक पानी पहुंचाने के साथ समय पर बीज और खाद की उपलब्धता, फसल बीमा, बीमारी की स्थिति में आयुष्मान योजना का लाभ और किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे बैंक खाते में राशि पहुंचाना किसान कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर, महिलाओं के सम्मान के लिए शौचालय और गांवों को शहरों से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें ग्राम विकास की तस्वीर प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने विभागीय टीम से सरकार के इन कार्यों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया और आइटी विभाग संगठन के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनसे जुड़े कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और संगठन की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का तथ्यात्मक जवाब देने के लिए सजग और सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान और खेत-खलिहान की चिंता करते हुए योजनाएं बनाईं और उन्हें धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा को जिस प्रकार समर्थन दिया, उसी प्रकार पंचायती राज चुनाव में भी ग्राम विकास के लिए जनता का आशीर्वाद पार्टी को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश