home page

भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला शुक्रवार को

 | 
भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला शुक्रवार को


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा की ओर से 12 जून शुक्रवार को सुबह 10 बजे राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) इंडोर स्टेडियम में एक भव्य प्रदेश स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस विशाल कृषि महाकुंभ में प्रदेशभर से हजारों प्रगतिशील किसान और कृषि विशेषज्ञ शिरकत करेंगे।

कार्यशाला में नीतिगत और व्यावहारिक मार्गदर्शन देने के लिए देश और राज्य की कई बड़ी राजनीतिक व संवैधानिक हस्तियां एक मंच पर मौजूद रहेंगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कृषि नीतियों पर राज्य सरकार का दृष्टिकोण रखेंगे। वहीं, मुख्य वक्ता गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, जो प्राकृतिक खेती के वैश्विक ब्रांड एंबेसडर माने जाते हैं, किसानों को शून्य बजट प्राकृतिक खेती के गुर सिखाएंगे। इसके अलावा राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर भी संबोधित करेंगे। किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी कार्यक्रम की कमान संभालेंगे।

मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य खेतों में यूरिया-डीएपी के बढ़ते इस्तेमाल को रोककर जमीन को बंजर होने से बचाना है। इसके साथ ही किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कम लागत में अधिक और शुद्ध उत्पादन की तकनीक सिखाना उद्देश्य है। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा किसानों के शंका समाधान के लिए विशेष सत्र का आयोजन भी किया जाएगा। प्राकृतिक खेती से बंपर पैदावार लेने वाले किसानों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।

इस कार्यशाला को लेकर राजस्थान के कोने-कोने से किसानों में भारी उत्साह है। भाजपा किसान मोर्चा के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों और तहसीलों से हजारों की संख्या में किसान इस जागरूक अभियान का हिस्सा बनने जयपुर पहुंच रहे हैं। आयोजन को लेकर सवाई मान सिंह स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश