home page

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 12 जून को जयपुर में होगी भाजपा किसान मोर्चा की कार्यशाला

 | 
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 12 जून को जयपुर में होगी भाजपा किसान मोर्चा की कार्यशाला


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। प्राकृतिक खेती और गौ आधारित कृषि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा राजस्थान की ओर से 12 जून को जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने बताया कि कार्यशाला में प्राकृतिक खेती, गौ आधारित कृषि, जैविक संसाधनों के उपयोग तथा खेती की लागत कम करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। किसानों को मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने संबंधी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा, हरिभाऊ बागडे, देवव्रत, मदन राठौड़ तथा राजकुमार चाहर किसानों को संबोधित करेंगे।

कैलाश चौधरी ने कहा कि वर्तमान में अधिकांश किसान यूरिया और डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भर हैं, जिससे खेती की लागत बढ़ने के साथ भूमि की उर्वरता और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को पारंपरिक और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की ओर लौटने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में किसानों को गौ आधारित खेती के मॉडल, जैविक खाद, जीवामृत, घनजीवामृत तथा अन्य प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से होने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कम लागत में अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी खेती के व्यावहारिक उपाय भी बताए जाएंगे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना और उन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों एवं अनुभवी किसानों द्वारा भी अपने अनुभव साझा किए जाएंगे।

चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। किसानों को प्राकृतिक खेती से जुड़ी नई तकनीकों और सफल मॉडलों की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश