home page

उदयपुर में महापौर के प्रबल दावेदार पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने सूची से पहले भरा नामांकन

 | 
उदयपुर में महापौर के प्रबल दावेदार पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने सूची से पहले भरा नामांकन


उदयपुर में महापौर के प्रबल दावेदार पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने सूची से पहले भरा नामांकन


—शुभ मुहूर्त में वार्ड 45 से दाखिल किया पर्चा, भाजपा का सिंबल मिलने पर फिर करेंगे नामांकन-

उदयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन के पहले ही दिन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और महापौर पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे दिनेश भट्ट ने वार्ड 45 से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। खास बात यह रही कि भाजपा की ओर से अभी तक अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद भट्ट ने शुभ मुहूर्त को देखते हुए नामांकन पत्र जमा कराया।

नामांकन के दौरान दिनेश भट्ट के साथ उनके पुत्र डॉ. हिमांशु भट्ट, एडवोकेट अशोक सिंघवी, एडवोकेट दिनेश गुप्ता, विहिप के सुशील मूंदड़ा सहित अन्य समर्थक मौजूद रहे। भट्ट के नामांकन दाखिल करने के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

दिनेश भट्ट को उदयपुर नगर निगम में महापौर पद के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि भाजपा ने अभी तक किसी भी वार्ड के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में पार्टी टिकट की घोषणा से पहले ही नामांकन दाखिल करने को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि भट्ट ने शुभ मुहूर्त को देखते हुए यह नामांकन दाखिल किया है। जैसे ही भाजपा उन्हें अधिकृत प्रत्याशी घोषित करती है, तो वे पार्टी के चुनाव चिह्न के साथ दोबारा नामांकन दाखिल करेंगे।

उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए चुनाव होने हैं और नामांकन प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में टिकट के दावेदारों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।

नामांकन के पहले ही दिन महापौर पद के प्रमुख दावेदार द्वारा पर्चा दाखिल किए जाने से चुनावी माहौल गरमा गया है। अब नजर भाजपा की अधिकृत सूची पर है। पार्टी की सूची सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि दिनेश भट्ट को टिकट मिलता है या चुनावी समीकरणों में कोई नया मोड़ आता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता