home page

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में बूथ से मीडिया रणनीति तक मंथन

 | 
निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में बूथ से मीडिया रणनीति तक मंथन


जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, वार्ड एवं बूथ स्तर के प्रबंधन, जनसंपर्क और मीडिया-सोशल मीडिया रणनीति को लेकर मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि भाजपा सामाजिक सरोकार और ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ कार्य करने वाला राजनीतिक दल है। निकाय चुनाव में सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना लक्ष्य है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की अपनी विशिष्ट कार्यपद्धति है। “पूर्व योजना और पूर्ण योजना, हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता” के सिद्धांत पर संगठन सभी की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्य को परिणाम तक पहुंचाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को समझकर उसका प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया।

संतोष ने कहा कि संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर राजस्थान के शहरों में ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनाकर विकास की गति को आगे बढ़ाना है।

बैठक में मीडिया, सोशल मीडिया और जमीनी जनसंपर्क के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा स्थानीय मुद्दों पर तथ्यात्मक एवं प्रभावी संवाद के लिए सुनियोजित रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बूथ प्रबंधन, व्यापक जनसंपर्क और मजबूत मीडिया एवं सोशल मीडिया रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश