बीकानेर में सोलर ड्रायर से फसलों की सुरक्षित सुखाई, किसानों को 40 प्रतिशत तक अनुदान
बीकानेर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले में खजूर, काचरी, सांगरी, सहजन और कद्दू वर्गीय फसलों के उत्पादन के बीच किसानों के लिए इन्हें सुरक्षित सुखाना चुनौती बना रहता है। खुले में सुखाने के दौरान कोहरा, बादल और बारिश से फसल खराब होने का खतरा रहता है। ऐसे में सोलर ड्रायर किसानों के लिए सुरक्षित सुखाई का विकल्प बन रहा है। उद्यान विभाग राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत सोलर ड्रायर की स्थापना पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दे रहा है।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि 70 किलोग्राम क्षमता वाले सोलर ड्रायर की निर्धारित इकाई लागत 2.50 लाख रुपये और 100 किलोग्राम क्षमता वाले ड्रायर की लागत 3.50 लाख रुपये है। विभाग की ओर से इकाई लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
सोलर ड्रायर में प्लेट और ट्रे के माध्यम से खजूर, काचरी, सांगरी, सहजन तथा कद्दू वर्गीय फसलों को कम समय में सुरक्षित तरीके से सुखाया जा सकता है। इससे धूल लगने और अचानक बारिश या नमी से फसल खराब होने का खतरा कम होता है तथा उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है।
स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि सोलर ड्रायर किसानों को कटाई के बाद फसलों के सुरक्षित प्रबंधन का विकल्प देता है और मौसम की अनिश्चितता से होने वाले नुकसान को कम कर सकता है।
उपनिदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए किसान उद्यानिकी विभाग के सहायक कृषि अधिकारी या कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

