home page

रंगीलो सावन में दिखी महिलाओं की प्रतिभा, मेघा बनीं सावन क्वीन

 | 
रंगीलो सावन में दिखी महिलाओं की प्रतिभा, मेघा बनीं सावन क्वीन


रंगीलो सावन में दिखी महिलाओं की प्रतिभा, मेघा बनीं सावन क्वीन


बीकानेर, 09 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन महिला विंग, बीकानेर की ओर से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘रंगीलो सावन’ महोत्सव एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक सिद्धि कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न श्रेणियों में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया।

मुख्य अतिथि विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि सावन उमंग, उत्साह और भारतीय संस्कृति से जुड़ा पर्व है। महिलाओं द्वारा इस तरह के आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि महिला शक्ति और प्रतिभा को मंच देने की सार्थक पहल हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन महिला विंग की पूरी टीम को आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महिलाओं के आग्रह पर विधायक सिद्धि कुमारी ने भी उनके साथ नृत्य किया।

महिला विंग अध्यक्ष ममता राठी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। जिलाध्यक्ष विनोद बाफना ने कहा कि ‘रंगीलो सावन’ जैसे आयोजन समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और सशक्तिकरण का संदेश देते हैं। महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है।

निवर्तमान अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि महिलाएं सामाजिक क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं। अब उन्हें व्यापार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे आकर अपनी पहचान बनानी चाहिए।

कार्यक्रम में आयोजित सावन क्वीन रैंप वॉक प्रतियोगिता में 15 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें मेघा विजयवर्गीय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सावन क्वीन का खिताब जीता, जबकि निशा बंसल उपविजेता रहीं।

‘रंगीलो सावन मस्तानी जोड़ी’ प्रतियोगिता में 18 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसमें देवरानी-जेठानी की जोड़ी अभिरुचि विजयवर्गीय और उर्वशी गांधी विजेता रही। मां-बेटी की जोड़ी रेनू गोयल और कास्वी गोयल उपविजेता रही। इसके अलावा पांच अन्य श्रेणियों में भी विजेता प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इनमें हिना सिंघल, खुशी गुप्ता, निशा बंसल, विजयलक्ष्मी गांधी और प्रीति सारडा प्रमुख रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत डिम्पल बाफना की गणेश वंदना से हुई। इसके बाद तनिक्षा करनानी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय बाफना ने विधायक सिद्धि कुमारी के जीवन परिचय और संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संचालिका निकिता पारीक ने किया, जबकि निर्णायक की भूमिका सुनीता जुनेजा और गरिमा विजय ने निभाई।

महामंत्री सरिता नाहटा ने निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष सहयोग के लिए सुनीता बाफना और विनोद गोयल का भी आभार जताया। इस अवसर पर वैश्य समाज की विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।

आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा कार्यक्रम सावन के रंग, उमंग और राजस्थानी संस्कृति से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में हिना बाफना, ज्योति विजयवर्गीय, राधिका लोहिया, सीखा विजयवर्गीय और संजना सुराणा ने विशेष सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव