home page

बीकानेर में नगर निगम मेयर की सीट अनारक्षित ओपन श्रेणी में

 | 
बीकानेर में नगर निगम मेयर की सीट अनारक्षित ओपन श्रेणी में


बीकानेर, 13 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में संभाग मुख्यालय बीकानेर में नगर निगम मेयर की सीट अनारक्षित ओपन श्रेणी में रहेगी। इसका आशय है कोई भी इस पद के लिए दावेदार हो सकता है। ये सीट पूरी तरह सामान्य रहेगी। ऐसे में कई दिग्गज अब चुनावी मैदान में नजर आएंगे। प्रदेश में गुरुवार काे नगर निकाय चुनावों के लिए नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, नगर परिषद के सभापति और नगर निगमों के महापौर की लॉटरी गुरुवार को निकाली गई।

इस बीच बीकानेर के नोखा की नगर पालिका को ओबीसी ओपन किया गया है। यहां ओबीसी की महिला या पुरुष दोनों को अवसर मिलेगा। वहीं खाजूवाला और लूणकरनसर में भी ओबीसी महिला या पुरुष सभापति हो सकते हैं। ये दोनों नई पालिका है। वहीं नापासर में पहली पालिका चुनाव में एससी महिला को अवसर मिलेगा।

देशनोक पालिका में इस बार सामान्य सीट रहेगी। पुरुष महिला सहित कोई भी जाति का व्यक्ति सभापति बन सकता है। इसी तरह श्रीडूंगरगढ़ सीट को भी अनारक्षित ओपन श्रेणी में रखा गया है, यहां भी पुरुष-महिला सहित कोई भी जाति का व्यक्ति सभापति बन सकता है।

जानकारी में रहे कि बीकानेर में कुल 80 वार्ड हैं। पिछले साल यहां बीजेपी का बोर्ड बना था, जिसमें मेयर सुशीला राजपुरोहित थीं। 2026 में जारी की गई नवीनतम विशेष मतदाता सूची के अनुसार, पूरे बीकानेर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 17,50,408 है। इसमें 9,24,743 पुरुष, 8,25,649 महिलाएँ और 16 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव