बीकानेर में सोमवार को होगा महापौर का चुनाव, कांग्रेस के अनिल कल्ला और भाजपा के सुरेंद्र सिंह आमने-सामने
बीकानेर, 20 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर नगर निगम को सोमवार को नया महापौर मिलेगा। महापौर पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। महापौर चुनाव के बाद 22 सितंबर को उप महापौर का चुनाव होगा।
महापौर पद के लिए कांग्रेस ने वार्ड 73 से निर्वाचित अनिल कल्ला और भाजपा ने वार्ड 13 के पार्षद सुरेंद्र सिंह शेखावत को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस के बागी प्रत्याशी नवरतन डागा ने शुक्रवार को अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। इसके बाद अब दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है।
80 सदस्यीय बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने 42 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा को 27 सीटें मिली हैं। शेष 11 सीटें अन्य/निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में गई हैं। कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद चुनाव से पहले निर्दलीय पार्षदों के समर्थन को लेकर दोनों दलों की ओर से दावे किए जाते रहे हैं।
पिछले दिनों दोनों दलों ने अपने-अपने पार्षदों और समर्थक पार्षदों की बाड़ाबंदी की थी। भाजपा की ओर से निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा भी किया गया। हालांकि, इन दावों की वास्तविक स्थिति सोमवार को मतदान के बाद ही स्पष्ट होगी। कांग्रेस की ओर से अनिल कल्ला को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। वह पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के भतीजे हैं।
महापौर चुनाव के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान के बाद मतगणना होगी और परिणाम उसी दिन घोषित किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को उप महापौर पद के लिए बैठक सुबह 10 बजे होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक दाखिल किए जाएंगे, 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। आवश्यकता होने पर दोपहर 2.30 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
बीकानेर उन नगर निगमों में शामिल है जहां कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। ऐसे में सोमवार का चुनाव महापौर पद के लिए औपचारिक मतदान के साथ-साथ पार्षदों के समर्थन को लेकर किए जा रहे विभिन्न दावों की स्थिति भी स्पष्ट करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

