बीकानेर में 26 शिक्षकों को गुरु गौरव सम्मान से नवाजा गया
बीकानेर, 13 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और समाज के भविष्य को दिशा देने का आधार है। शिक्षक शिक्षित समाज, विकसित प्रदेश और विकसित भारत की नींव तैयार करते हैं। शिक्षक का व्यक्तित्व कर्मशीलता, क्षमाशीलता और समर्पण जैसे गुणों से परिपूर्ण होता है।
यह बात संभागीय आयुक्त बीकानेर विश्राम मीणा ने रविवार को लोकराग फाउंडेशन एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गुरु गौरव सम्मान समारोह में कही। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 26 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. सुमंत व्यास और साहित्यकार बुलाकी शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन रेखा आचार्य ने किया।
लोकराग फाउंडेशन के निदेशक आनंद आचार्य ने आयोजन की रूपरेखा, शिक्षकों के चयन और कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ. श्याम अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके प्रयासों का परिणाम आने वाली पीढ़ियों के रूप में सामने आता है। जिस समाज में शिक्षकों का सम्मान होता है, वहां ज्ञान और संस्कारों को भी सम्मान मिलता है। शिक्षकों के समर्पण और सेवाभाव का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सम्मानित शिक्षकों में अमित सोनी, सुरेन्द्र सोलंकी, रमाकांत सिंह बिठ्ठू, शफी मोहम्मद, हर्ष बाला पाराशर, डॉ. वर्षा मक्कड़, राजीव गौतम, डॉ. हुकमचंद चौधरी, आरिफ अली, अमीना फातिमा, ओम प्रकाश राजपुरोहित, डॉ. नरसिंह बिन्नाणी, डॉ. विक्रम योगी, डॉ. मंजू राठौड़, डॉ. ईश्वर लाल जल, गिरिराज खैरीवाल, डॉ. मुकेश हर्ष, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, खैरूनिशा, राज रतन चांडक, श्याम सुंदर छिंपा, मोहर सिंह सलावद, निशा लिम्बा, इप्शिता शर्मा सहित एक अन्य शिक्षक शामिल रहे।
इन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, सेवाभाव, नवाचार और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। लोकराग फाउंडेशन के निदेशक विनय थानवी ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। निदेशक योगेश खत्री ने अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में शांति लाल भोजक एवं राहुल मरवाह का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

