home page

बीकानेर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बाल किशन गुप्ता को एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड

 | 
बीकानेर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बाल किशन गुप्ता को एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड


बीकानेर, 16 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस (एसीपी) की वार्षिक कॉन्फ्रेंस 11 से 13 सितंबर तक इंदौर में आयोजित हुई। इसमें देशभर के चिकित्सा विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने भाग लिया। कॉन्फ्रेंस में बीकानेर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बाल किशन गुप्ता को चिकित्सा शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में योगदान के लिए एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कॉन्फ्रेंस में डॉ. गुप्ता ने ‘ऊपरी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रक्तस्राव (यूजीआई ब्लीड): जोखिम वर्गीकरण और प्रारंभिक प्रबंधन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने यूजीआई ब्लीड की गंभीरता, मरीजों में जोखिम आकलन, प्रारंभिक चिकित्सकीय प्रबंधन और समय पर उपचार शुरू करने के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने मानव शरीर के आकार, वजन, अनुपात एवं शारीरिक संरचना तथा ब्लड प्रेशर के बीच संबंध पर भी शोध प्रस्तुत किया। इसके अलावा मधुमेह के मरीजों में ब्लड प्रेशर की व्यापकता और उसके नियंत्रण में नहीं रहने के कारणों पर अपने शोध की जानकारी दी।

शोध प्रस्तुतियों में मधुमेह के मरीजों में उच्च रक्तचाप, इसके नियंत्रण से जुड़े कारकों तथा नियमित निगरानी और प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर चर्चा की गई। डॉ. गुप्ता को एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड मिलने पर बीकानेर के चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव