home page

बीकानेर में लाभार्थियों से प्रधानमंत्री का संवाद, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रहेंगे मौजूद

 | 
बीकानेर में लाभार्थियों से प्रधानमंत्री का संवाद, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रहेंगे मौजूद


बीकानेर, 23 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को बीकानेर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। बीकानेर के वेटरनरी ऑडिटोरियम में होने वाले कार्यक्रम में करीब 500 लाभार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम में टू-वे संवाद प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों को प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलेगा। लाभार्थी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रवास को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी प्रधानमंत्री के साथ संवाद करेंगे।

पंचारिया के अनुसार उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा नोखा में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा भी बुधवार को बीकानेर पहुंचेगी और यहां रात्रि प्रवास करेगी। यात्रा से जुड़े कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में लाभार्थियों के अलावा जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव