home page

भीलवाड़ा नगर निगम को मिलेगी पहली महिला महापौर, भाजपा ने जसवंत कंवर को उतारा

 | 
भीलवाड़ा नगर निगम को मिलेगी पहली महिला महापौर, भाजपा ने जसवंत कंवर को उतारा


भीलवाड़ा नगर निगम को मिलेगी पहली महिला महापौर, भाजपा ने जसवंत कंवर को उतारा


भीलवाड़ा, 16 सितंबर (हि.स.)। भीलवाड़ा नगर निगम को पहली महिला महापौर मिलने का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा ने वार्ड नौ से निर्वाचित 37 वर्षीय जसवंत कंवर को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। महापौर पद के लिए 21 सितंबर को चुनाव होगा। कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं उतारा है, जबकि वार्ड 10 से निर्दलीय संतोष कंवर ने नामांकन दाखिल किया है।

जसवंत कंवर ने बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, नगर निगम प्रभारी वीरम देव सिंह और जिला संगठन प्रभारी संजय जैन ताऊ मौजूद रहे। भाजपा की ओर से वीरम देव सिंह ने जसवंत कंवर के पक्ष में अधिकृत सिंबल प्रस्तुत किया।

नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 70 में से 45 वार्डों में जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 10 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 15 सीटें मिली हैं। महापौर चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 36 है। इस लिहाज से भाजपा के पास बहुमत से नौ पार्षद अधिक हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक कांग्रेस की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया। वहीं निर्दलीय संतोष कंवर के नामांकन के बाद अब महापौर पद के लिए भाजपा की जसवंत कंवर और निर्दलीय संतोष कंवर के बीच मुकाबला है।

जसवंत कंवर ने वार्ड नौ से भाजपा प्रत्याशी के रूप में पहली बार पार्षद का चुनाव जीता और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 2,165 मतों से हराया। उनके पति भूपेंद्र सिंह भाजपा के जिला प्रवक्ता हैं। पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर जसवंत कंवर ने कहा कि वह किसी गुट से नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। भीलवाड़ा का विकास और सभी पार्षदों को साथ लेकर नगर निगम चलाना उनकी प्राथमिकता होगी।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में न कोई खेमा था, न है और न रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी की राय के बाद जसवंत कंवर के नाम पर सहमति बनी है और पार्टी का पूरा संगठन उनके साथ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद