home page

भरतपुर पॉलीक्लिनिक में मुख्य सचिव ने देखी लम्पी के इलाज की प्रक्रिया

 | 
भरतपुर पॉलीक्लिनिक में मुख्य सचिव ने देखी लम्पी के इलाज की प्रक्रिया


जयपुर/भरतपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को भरतपुर दौरे के दौरान जिला मुख्यालय स्थित पशुपालन विभाग के पॉलीक्लिनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने पशुधन के उपचार के लिए उपलब्ध सुविधाओं, लम्पी स्किन डिजीज से प्रभावित गोवंश के इलाज और रोग निदान की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय एवं क्षेत्रीय रोग निदान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया।

मुख्य सचिव ने चिकित्सालय में आने वाले श्वान, गाय, भैंस और अन्य पशुओं के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने लम्पी से प्रभावित गोवंश के नियमित उपचार और बीमारी की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। बीमार पशुओं से लिए जाने वाले नमूनों और उनकी जांच प्रक्रिया के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय और क्षेत्रीय रोग निदान प्रयोगशाला में साफ-सफाई तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने पशुओं को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ पशुपालकों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशुपालन के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर कमर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर राहुल सैनी, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेशचन्द्र मीना, संभागीय अतिरिक्त निदेशक डॉ. खुशीराम मीना, संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार, पॉलीक्लिनिक के उपनिदेशक डॉ. राजीव सिंघल सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर