home page

भारतात्मा वेद पुरस्कार समारोह बुधवार को उदयपुर में, संत गोविन्ददेव गिरि व सीएम भजनलाल होंगे प्रमुख अतिथि

 | 
भारतात्मा वेद पुरस्कार समारोह बुधवार को उदयपुर में, संत गोविन्ददेव गिरि व सीएम भजनलाल होंगे प्रमुख अतिथि


उदयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। सिंघल फाउण्डेशन, उदयपुर की ओर से स्वर्गीय अशोक सिंघल की स्मृति में दिए जाने वाले प्रतिष्ठित भारतात्मा वेद पुरस्कार के दसवें संस्करण का आयोजन बुधवार 25 नवम्बर को होगा। आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज सभागार में सायं 5:30 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह में देशभर के उत्कृष्ट वेद विद्वानों, वेद विद्यार्थियों और वेद संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।

सिंघल फाउण्डेशन के ट्रस्टी सलिल सिंघल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि समारोह में संत गोविन्ददेव गिरि का सान्निध्य प्राप्त होगा तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस पुरस्कार का उद्देश्य वैदिक परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और प्रोत्साहन देना है।

वर्ष 2017 में स्थापित भारतात्मा वेद पुरस्कार के तहत प्रतिवर्ष चार श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत उत्तम वेद विद्यार्थी को 3 लाख रुपये, आदर्श वेदाध्यापक को 5 लाख रुपये, उत्तम वेदविद्यालय को 7 लाख रुपये तथा वेदार्पित जीवन पुरस्कार के तहत 3 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। वर्ष 2026 में दसवें संस्करण के लिए देशभर से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता