बाबा रामदेव की शरण में पहुंचे मुख्यमंत्री, पावन समाधि पर की पूजा-अर्चना
जैसलमेर/जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जैसलमेर के रामदेवरा पहुंचे। उन्होंने बाबा रामदेव मंदिर में पावन समाधि के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के रामदेवरा पहुंचने पर श्रद्धालुओं और आमजन ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने रामदेवरा बस स्टैंड से मंदिर तक पदयात्रा की। हाथ में बाबा रामदेव की ध्वजा यानी नेजा थामे मुख्यमंत्री मुख्य बाजार से होते हुए मंदिर पहुंचे। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, विधायक छोटू सिंह भाटी, महंत प्रताप पुरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी भक्तिभाव के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।
मंदिर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव की पावन समाधि पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर में डालीबाई की समाधि के भी दर्शन किए।
मुख्यमंत्री ने जम्मा-जागरण स्थल पर बाबा रामदेव की रिक्खियों का श्रवण किया। श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने निःशुल्क भोजनशाला में प्रसादी भी परोसी। मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने रामदेवरा के मुख्य बाजार में जनप्रतिनिधियों के साथ चाय पी और आमजन से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और श्रद्धालुओं से आत्मीयता से संवाद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

