home page

पंचायती राज चुनाव की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता : भजनलाल शर्मा

 | 
पंचायती राज चुनाव की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता : भजनलाल शर्मा


पंचायती राज चुनाव की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता : भजनलाल शर्मा


भरतपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों में जुटने और गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक सरकार की योजनाओं तथा संगठन का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान का संकल्प विकसित गांवों के बिना पूरा नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री सोमवार को भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र के बिड्यारी में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने 309 में से 204 निकायों में बोर्ड बनाए हैं। भरतपुर जिले के 32 निकायों में से 23 में भाजपा के बोर्ड बनने का दावा करते हुए उन्होंने इसे संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।

शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए संगठन से बढ़कर देश की भावना है और ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव उनकी पहचान है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए कार्यकर्ता आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को युवाओं, किसानों, गरीबों और महिलाओं से लगातार संवाद करना चाहिए तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी जाएं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार और कुशासन बढ़ा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने 33 महीने के कार्यकाल में पानी, बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य और किसान कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है। उन्होंने कांग्रेस पर सरकार के कामों में कमियां निकालने तक सीमित रहने का आरोप लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर