home page

गणेशोत्सव में सजा बंगाली बाबा का दरबार: 2500 किलो लड्डुओं की प्रसादी

 | 
गणेशोत्सव में सजा बंगाली बाबा का दरबार: 2500 किलो लड्डुओं की प्रसादी


गणेशोत्सव में सजा बंगाली बाबा का दरबार: 2500 किलो लड्डुओं की प्रसादी


जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली रोड स्थित बंगाली बाबा गणेश मंदिर में दो दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव रविवार को प्रथम पूज्य गणेशजी के पंचामृत अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ शुरू हुआ। इस दौरान सिंजारा भी मनाया गया। पंचामृत अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र गणेशजी के जयकारों से गूंज उठा। सोमवार को गणेश चतुर्थी महोत्सव मनाया जाएगा।

मंदिर प्रबंध समिति के मुख्य संरक्षक रघुवीर शरण अग्रवाल, अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल और उपाध्यक्ष संजय पतंग वाला ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत गणेशजी के पंचामृत अभिषेक से हुई। इसके बाद गौरीसुत को सिंदूर अर्पित कर सौभाग्य देवी पूजन, चंद्रार्चन, मेहंदी और सौभाग्य अर्चन की विधियां संपन्न कराई गईं। इस अवसर पर महिलाओं को मेहंदी लगाई गई और भक्तों को मेहंदी का वितरण भी किया गया।

महामंत्री गणेश लूनीवाल और कोषाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। सुबह 5 बजे गणेशजी को मोदक अर्पित किए जाएंगे। दोपहर 1 बजे महाआरती और बैंड वादन होगा। इस अवसर पर गणेशजी का आकर्षक शृंगार किया जाएगा। शाम 6 बजे भजन संध्या होगी, जिसमें स्थानीय कलाकार भजनों के माध्यम से प्रथम पूज्य गणेशजी का गुणगान करेंगे।

गणेश चतुर्थी महोत्सव में भक्तों के लिए करीब 2500 किलो लड्डू की प्रसादी तैयार की जा रही है। इसके लिए 1000 किलो चीनी, 400 किलो घी और 400 किलो बेसन का उपयोग किया जा रहा है। कारीगर लड्डू तैयार करने में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश