home page

बंगाली बाबा गणेश मंदिर में 13-14 सितंबर को मनेगा गणेश चतुर्थी महोत्सव

 | 
बंगाली बाबा गणेश मंदिर में 13-14 सितंबर को मनेगा गणेश चतुर्थी महोत्सव


जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली रोड स्थित बंगाली बाबा गणेश मंदिर में दो दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव 13 और 14 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर प्रबंध समिति के मुख्य संरक्षक रघुवीर शरण अग्रवाल, अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल व उपाध्यक्ष संजय पतंग वाला ने बताया कि 13 सितंबर को सुबह 9 बजे प्रथम पूज्य गणेशजी का पंचामृत अभिषेक होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे सिंदूर अर्पण तथा 11 बजे सौभाग्य देवी पूजन, चंद्रार्चन, मेहंदी व सौभाग्य अर्चन किया जाएगा। भक्तों को मेहंदी वितरित करने के साथ महिलाओं को मेहंदी भी लगाई जाएगी।

महामंत्री गणेश लूनीवाल व कोषाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने बताया कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर सुबह 5 बजे गणेशजी को मोदक अर्पित किए जाएंगे। दोपहर 1 बजे महाआरती व बैंड वादन होगा तथा गणेशजी का आकर्षक शृंगार किया जाएगा। शाम 6 बजे भजन संध्या में स्थानीय कलाकार भजनों के माध्यम से प्रथम पूज्य को रिझाएंगे।

महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए 2500 किलो लड्डुओं की प्रसादी वितरित की जाएगी। इसके लिए करीब 1000 किलो चीनी, 400 किलो घी और 400 किलो बेसन का उपयोग किया जाएगा। मंदिर में आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश