home page

बयाना में जहरीले करैत सांप के डसने से मजदूर दंपती की बिगड़ी तबीयत

 | 
बयाना में जहरीले करैत सांप के डसने से मजदूर दंपती की बिगड़ी तबीयत


भरतपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। भरतपुर जिले के रुदावल क्षेत्र स्थित एक क्रेशर प्लांट पर सोमवार देर रात जहरीले करैत सांप के काटने से मजदूर दंपती की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच गई। चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल दोनों की स्थिति सामान्य है और खतरे से बाहर है।

मध्यप्रदेश के गुना निवासी माखनलाल बंजारा (35) और उनकी पत्नी सविता (30) पिछले कुछ समय से क्रेशर प्लांट पर मजदूरी कर रहे हैं तथा परिसर में बनी झोपड़ी में रह रहे हैं। देर रात जब दोनों सो रहे थे, तभी झोपड़ी में घुसे जहरीले कॉमन करैत ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद दोनों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास रह रहे मजदूर और प्लांट संचालक मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए दोनों को बयाना उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया।

उपजिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. जोगेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मरीजों को सही समय पर अस्पताल लाया गया, जिससे एंटी स्नेक वेनम सहित आवश्यक उपचार तुरंत दिया जा सका। इसी कारण दोनों की जान बच गई और अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। डॉ. गुर्जर ने बताया कि सांप के काटने पर घबराने के बजाय मरीज को शांत रखें और प्रभावित अंग को कम से कम हिलाएं। किसी भी प्रकार का घरेलू उपचार, झाड़-फूंक, चीरा लगाने या जहर चूसने जैसी गलतियों से बचें। मरीज को बिना देरी ऐसे अस्पताल ले जाएं, जहां एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध हो। यदि संभव हो तो सांप की पहचान की जानकारी डॉक्टर को दें, लेकिन उसे पकड़ने का प्रयास न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर