home page

साइबर ठगी से बचाव के लिए बैंक कर्मियों-कारोबारियों को किया जागरूक

 | 
साइबर ठगी से बचाव के लिए बैंक कर्मियों-कारोबारियों को किया जागरूक


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए जयपुर पुलिस की ओर से ‘सदैव सजग एवं सतर्क’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को विधायकपुरी थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों, बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों, होटल व्यवसायियों और स्थानीय नागरिकों की जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इसमें करीब 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर यह अभियान डीजीपी/आईजीपी पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिश संख्या-12 की पालना में चलाया जा रहा है। सिफारिश में जन जागरूकता अभियान के साथ पोस्टर, सोशल मीडिया और ऑडियो-विजुअल माध्यमों के उपयोग पर जोर दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ललित किशोर शर्मा के निर्देशन और विधायकपुरी थानाधिकारी महेश शर्मा के नेतृत्व में हुई बैठक में साइबर अपराध के बदलते तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फेक लोन ऐप और बैंक फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। प्रतिभागियों को संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।

बैठक में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से संदिग्ध बैंक खातों तथा अचानक होने वाले बड़े लेन-देन पर विशेष नजर रखने को कहा गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल अलर्ट जारी करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचना देने पर जोर दिया गया।

होटल व्यवसायियों को ठहरने वाले मेहमानों की ऑनलाइन आईडी वेरिफिकेशन प्रक्रिया में सतर्कता बरतने तथा होटल के वाई-फाई नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी गई।

सीएलजी सदस्यों और आमजन से कहा गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया पर मिलने वाले संदिग्ध ऑफर या संदेशों पर बिना जांच के भरोसा नहीं करें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। सोशल मीडिया, पोस्टर, जागरूकता बैठकों और अन्य माध्यमों से लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश