home page

लेकसिटी में 111 मीटर लंबी मेवाड़ी पाग से सजे बजरंगबली

 | 
लेकसिटी में 111 मीटर लंबी मेवाड़ी पाग से सजे बजरंगबली


उदयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। धर्मनगरी उदयपुर में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, विशेष हवन-अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे। हनुमान चालीसा का पाठ कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह करीब 5 बजे से ही भक्त बजरंगबली के चरणों में ढोक लगाने मंदिरों में पहुंचने लगे। कोई श्रद्धालु हनुमान चालीसा का पाठ करता नजर आया तो कोई विशेष पूजा-अर्चना और भोग अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त करता दिखा। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस विशेष अवसर पर बदनोर की हवेली स्थित प्रसिद्ध श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में भगवान को 111 मीटर लंबी भव्य मेवाड़ी पाग धराई गई। इस पगड़ी को विशेष रूप से तैयार किया गया है, जो मेवाड़ की समृद्ध परंपरा और श्रद्धा का प्रतीक है। पगड़ी धारण कराने से पहले पुराने शहर के संकड़े मार्गों से शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को बजरंग सेना मेवाड़ की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।

मंदिरों में दिनभर भोग, प्रसादी और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चला। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस पावन दिन पर हनुमानजी की आराधना करने से संकटों का नाश होता है और जीवन में शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता