home page

चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, महिला यात्री ने दिया शिशु को जन्म

 | 
चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, महिला यात्री ने दिया शिशु को जन्म


काेटा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में शुक्रवार को गाड़ी संख्या 12903 गोल्डन टेंपल मेल में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री ने शिशु को जन्म दिया। नागदा–शामगढ़ रेलखंड के बीच हुए प्रसव के दौरान रेलवे के टीटीई ने तत्परता दिखाते हुए चिकित्सा सहायता की व्यवस्था कराई। कोटा एवं गंगापुर सिटी स्टेशनों पर रेलवे चिकित्सकों ने समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 28 वर्षीय निशा देवी अपने पति रतन साहनी के साथ सूरत से मथुरा की यात्रा कर रही थीं। महिला का आरक्षण कोच बी-5 की सीट संख्या 31 पर था। यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा होने पर यात्रियों ने ड्यूटी पर तैनात टीटीई के.के. मीना एवं बलराम मीना से संपर्क कर सहायता मांगी। दोनों टीटीई ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक समन्वय किया। इसी दौरान नागदा–शामगढ़ रेलखंड के बीच महिला ने शिशु को जन्म दिया।

सूचना मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे चिकित्सकों की टीम तैयार रखी गई। ट्रेन के कोटा पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला एवं नवजात का प्राथमिक परीक्षण और उपचार किया। इसके बाद यात्रियों की सहमति से उन्हें आगे की यात्रा जारी रखने दी गई।

यात्रा के दौरान महिला को पुनः स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर गंगापुर सिटी स्टेशन पर रेलवे चिकित्सा दल को सूचित किया गया। उपमंडल रेलवे चिकित्सालय के डॉ. असलम अंसारी एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यवीर डूडी एंबुलेंस सहित स्टेशन पहुंचे। चिकित्सकों ने प्रसूता और नवजात का प्राथमिक उपचार किया तथा बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए उन्हें एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सा दल के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। रेलवे कर्मचारियों और चिकित्सा दल के आपसी समन्वय से यात्रा के दौरान प्रसूता एवं नवजात को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव