home page

पुलिस लाइन में निशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर, 380 लोगों ने उठाया लाभ

 | 
पुलिस लाइन में निशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर, 380 लोगों ने उठाया लाभ


जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन, चांदपोल स्थित डिस्पेंसरी में मंगलवार को एमएस क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, बनीपार्क के सहयोग से निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले शिविर में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श और निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) राजेश कुमार काँवत ने बताया कि शिविर का संचालन संस्थान के निदेशक डॉ. बी.एल. मीणा के नेतृत्व में किया गया। चिकित्सा दल में डॉ. विनोद कुमार, डॉ. मोनिका कुमारी और डॉ. उमेश कुमार शामिल रहे। शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, गठिया, त्वचा रोग, अर्श (पाइल्स), श्वास संबंधी रोग, स्त्री रोग, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं सहित वात, पित्त और पेट से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। इसके अलावा रक्त जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का लाभ 380 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने उठाया। सभी ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर के सफल आयोजन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पार्थ शर्मा एवं अशोक चौहान, पुलिस निरीक्षक सपना पूनिया तथा पुलिस लाइन डिस्पेंसरी के डॉ. गिरिराज शर्मा और डॉ. अखिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने ऐसे शिविरों को पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में उपयोगी पहल बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश