आयुर्वेद दिवस पर राष्ट्रीय कार्यशाला 17 सितंबर से
जोधपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल ने आयुर्वेद दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला के पोस्टर का विमोचन किया।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय द्वारा विश्व आयुर्वेद परिषद राजस्थान के सहयोग से आयोजित यह राष्ट्रीय कार्यशाला 17 एवं 18 सितंबर को राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जोरावर सिंह गेट जयपुर के एनआईए सभागार में आयोजित होगी। कार्यशाला की थीम आयुर्वेद: स्वास्थ्य का शाश्वत समाधान रखी गई है। इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविन्द सहाय शुक्ल ने कहा कि आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली यह राष्ट्रीय कार्यशाला आयुर्वेद के ज्ञान, चिकित्सा एवं अनुसंधान के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर अहमदाबाद के चिकित्सक एवं नाड़ी विशेषज्ञ वैद्य तपन कुमार, पीजीआईए के प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह, प्रो. गोविन्द प्रसाद गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम अग्रवाल, पुस्तकालय निदेशक डॉ राकेश कुमार शर्मा, उपकुलसचिव डॉ. मनोज कुमार अदलखा, चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. नीलिमा रेड्डी, उपाधीक्षक प्रो. ब्रह्मानंद शर्मा एवं मीडिया प्रभारी प्रो. दिनेश चंद्र शर्मा, डीटीएल निदेशक डॉ मनीषा गोयल, डॉ विजय पाल त्यागी, प्रोफेसर ज्ञानप्रकाश शर्मा सहित संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

