एटीवीएम मशीन से खुद प्राप्त कर सकते है अनारक्षित टिकट
जोधपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। यात्रियों को त्वरित, सरल एवं सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के 43 रेलवे स्टेशनों पर कुल 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित एवं कार्यरत हैं। इन मशीनों के माध्यम से यात्री स्वयं अनारक्षित (जनरल) टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, सीजन टिकट नवीनीकरण सहित अन्य उपलब्ध सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों द्वारा एटीवीएम मशीनों का लगातार बढ़ते हुए उपयोग से टिकटिंग व्यवस्था अधिक सुगम और पारदर्शी बनी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में एटीवीएम मशीनों के माध्यम से 56,52,739 टिकट जारी किए गए, जिससे 71.68 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 (01 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक) में 16,91,132 टिकट जारी किए गए हैं, जिनसे 24.23 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है। सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि एटीवीएम मशीन का उपयोग अत्यंत सरल है। यात्री मशीन की स्क्रीन पर प्रदर्शित निर्देशों का पालन करते हुए अपने गंतव्य स्टेशन का चयन कर आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
रेलवन ऐप से बुक टिकट का प्रिंट
यदि किसी यात्री ने रेलवन) मोबाइल ऐप के माध्यम से पेपर टिकट बुक किया है, तो वह एटीवीएम मशीन पर प्रिंट बुक्ट टिकट विकल्प का चयन कर अपना मोबाइल नंबर अथवा बुकिंग विवरण दर्ज कर टिकट का प्रिंट प्राप्त कर सकता है। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे स्टेशन पर उपलब्ध एटीवीएम मशीनों का अधिकाधिक उपयोग करें, जिससे समय की बचत हो तथा टिकट काउंटरों पर लगने वाली अनावश्यक कतारों से भी राहत मिले। आवश्यकता पडऩे पर स्टेशन पर उपलब्ध रेलकर्मियों अथवा एटीवीएम सुविधा सहायक से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

