home page

शुद्ध आहार मिलावट पर वार : बीकानेर में केंद्रीय दल की घी फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 765 किलो घी सीज

 | 
शुद्ध आहार मिलावट पर वार : बीकानेर में केंद्रीय दल की घी फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 765 किलो घी सीज


बीकानेर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर से आए केंद्रीय दल ने बीकानेर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पुखराज साध ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी शुभमंगला तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के निर्देशानुसार जयपुर केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बीकानेर से 60 किमी दूर नोखा रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित घी निर्माण फैक्ट्री मैसर्स श्री मारुती फूड प्रोडक्ट पर छापा मारा। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा एवं अमित शर्मा शामिल रहे।

कार्रवाई के दौरान फर्म मालिक मुकेश पारीक ने बताया कि यहाँ गुजरात से क्रीम मंगाकर उसे गर्म करके 410 से 420 रुपये प्रति लीटर के भाव से 'टुडे चॉइस' ब्रांड नाम से बेचा जा रहा था, जबकि घी का वर्तमान बाजार भाव कम से कम 525 रुपये प्रति लीटर के आस पास है। दर में भारी अंतर के कारण मिलावट के संदेह पर मौके से घी का 1 नमूना लिया गया तथा 765 किलोग्राम घी सीज किया गया।

दल ने इसके अलावा शहर के अन्य प्रतिष्ठानों मेसर्स युवराज फूड प्रोडक्ट (फड़ बाजार) से नमकीन एवं केसर बाटी का 1-1 नमूना लिया गया। नूकेम फूड (खारा इंडस्ट्रियल एरिया) से रिफाइंड मूंगफली तेल का 1 नमूना लिया गया।

सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सख्त अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव