home page

मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: रामदास आठवले

 | 
मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: रामदास आठवले


मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: रामदास आठवले


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। शास्त्री नगर स्थित ‘आनन्दम’ जन उपयोगी भवन में आरसीएमआईसीसी (रिजर्व कैटेगरी एंड माइनॉरिटी इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज), ओम गोविन्द परमार्थ संस्थान और नबतोरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘प्रणेता-2026’ वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन सम्मान समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को यदि कोई समस्या या परेशानी हो तो वह रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राधामोहन सैनी के माध्यम से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसमस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की हैं। अपने संबोधन में आठवले ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष विकास कार्यों को स्वीकार करने के बजाय अनावश्यक आलोचना कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों से विपक्ष असहज है।

समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश