विधानसभा अध्यक्ष ने की आनासागर झील व अन्य विकास कार्यों की समीक्षा
अजमेर, 04 मार्च (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बुधवार को अजमेर प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं और शहर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
दौरे के दौरान देवनानी ने संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ आनासागर झील का निरीक्षण किया। झील से मिट्टी निकालने के प्रस्तावित कार्य पर विस्तृत चर्चा करते हुए उन्होंने मौके पर अधिकारियों से योजना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बजट घोषणा के तहत झील से लगभग एक मीटर तक मिट्टी निकाली जाएगी, जिस पर करीब 78 करोड़ रुपए की लागत आएगी। देवनानी ने निर्देश दिए कि झील के सभी हिस्सों से समान रूप से मिट्टी निकाली जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर विकास प्राधिकरण को शहर में चार नई सड़कों के विकास और विस्तार के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित मार्गों में नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे, स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग, चौरसियावास होते हुए नौसरघाटी तथा रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरुण सागर व खरेकड़ी रोड तक नई सड़क निर्माण शामिल है।
इसके अलावा विजयराजे सिंधिया नगर के समीप निर्माणाधीन खेल स्टेडियम के कार्य की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को अजमेर के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। राज्य बजट में इस कार्य के लिए तीन करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। देवनानी ने नगर निगम क्षेत्र में हाल ही में शामिल नए इलाकों में सफाई और रोड लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने, रामसेतु के नीचे पार्किंग व्यवस्था शीघ्र शुरू करने तथा केसर बाग पुलिया को ऊंचा करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्रह्मपुरी नाले की सफाई एवं गहराई बढ़ाने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा।
भीड़भाड़ और संकरी गलियों में डीएमएफटी से स्वीकृत अग्निशमन उपकरण लगाने, सड़कों के पेचवर्क कराने तथा जिन क्षेत्रों में महिला शौचालय प्रस्तावित हैं, वहां निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए गए।
विधानसभा अध्यक्ष ने साफ किया कि शहर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

