सियोल में राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रखा एशियाई लोक प्रशासन संवाद का प्रस्ताव
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने भारत, चीन, दक्षिण कोरिया और जापान के लोक प्रशासन विशेषज्ञों एवं प्रशासकों को एक मंच पर लाने के लिए एशियाई संवाद शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने सियोल में आयोजित आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन के पहले दिन यह सुझाव दिया। प्रस्तावित संवाद के माध्यम से एशियाई देशों के विशेषज्ञ लोक प्रशासन और शासन के अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।
श्रीनिवास ने एशियाई लोक प्रशासन समूह को संबोधित करते हुए एशियाई शासन और लोक प्रशासन मॉडल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान इंडोनेशिया के प्रोफेसर एको प्रसोजो, दक्षिण कोरिया के प्रोफेसर ह्युंग जुन पार्क और चीन की सुश्री वांग यी सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
श्रीनिवास ने चीनी कार्मिक विज्ञान अकादमी के उपाध्यक्ष ली जियानझोंग से मुलाकात के दौरान चीन में आईआईएएस के आगामी सम्मेलन की मेजबानी का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने चीनी शोधकर्ताओं और प्रशासकों को आईआईएएस के प्रकाशनों में योगदान देने के लिए भी प्रोत्साहित किया। बैठक में उन्होंने भारत के डिजिटल शासन के अनुभव साझा करते हुए मिशन कर्मयोगी, आधार, यूपीआई, सीपीग्राम्स और ई-ऑफिस जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सुशासन केंद्र 40 से अधिक देशों के 5,200 से ज्यादा लोक सेवकों को प्रशिक्षण दे चुका है। श्रीनिवास ने चीन में सिविल सेवा सुधार, नेतृत्व विकास तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल बदलाव के लिए सिविल सेवाओं की तैयारी को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
श्रीनिवास ने आईआईएएस की काउंसिल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन और जनरल असेंबली की अध्यक्षता की तथा संस्थान की वित्त समिति को भी संबोधित किया। उन्होंने दक्षिण कोरिया के प्रोफेसर यंग बुम ली से अलग से बैठक की। प्रोफेसर ली सियोल सम्मेलन की स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए आईआईएएस के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं।
आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन की इस वर्ष की थीम ‘ग्रोथ फॉर सोसाइटी’ है। सम्मेलन में सरकार, शोध संस्थानों, उद्योग और नागरिक समाज के बीच सहयोग के माध्यम से तकनीकी बदलाव और असमानता जैसी चुनौतियों से निपटने पर चर्चा हो रही है।
आईआईएएस के पहले भारतीय अध्यक्ष के रूप में श्रीनिवास सम्मेलन के दौरान राजस्थान और भारत के शासन एवं प्रशासनिक अनुभव भी साझा करेंगे। चार दिवसीय यह सम्मेलन 20 नवंबर तक चलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

