home page

ऊंट से टकराकर सेना की एसयूवी पलटी, मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट गंभीर घायल

 | 
ऊंट से टकराकर सेना की एसयूवी पलटी, मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट गंभीर घायल


जैसलमेर, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के थईयात आर्मी क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के एक मेजर की मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सेना की टाटा सफारी अचानक सामने आए ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी चार से पांच बार पलटते हुए करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में ऊंट की भी मौके पर ही मौत हो गई।

सदर थाना पुलिस के एएसआई जगदीश चारण ने बताया कि बीती रात मेजर हमजा आरिफ (26) अपने दो साथियों लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ के साथ ड्यूटी पूरी कर आर्मी स्टेशन लौट रहे थे। आर्मी स्टेशन से करीब 18 किलोमीटर दूर थईयात क्षेत्र में अचानक सड़क पर ऊंट आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन कई बार पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

तीनों सेना अधिकारियों को तत्काल आर्मी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल लेफ्टिनेंट का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश निवासी मेजर हमजा आरिफ की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार और सेना में शोक की लहर है।

चारण ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और मिलिट्री पुलिस ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित