home page

अबूधाबी में संयुक्त राष्ट्र की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अर्जुन राम मेघवाल

 | 
अबूधाबी में संयुक्त राष्ट्र की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अर्जुन राम मेघवाल


बीकानेर, 27 सितंबर (हि.स.)। विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल अपनी दो दिवसीय संयुक्त अरब अमीरात यात्रा के दौरान अबूधाबी में आयोजित संयुक्त राष्ट्र की 15वीं अपराध निवारण एवं आपराधिक न्याय संबंधी उच्चस्तरीय बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय (यूएनओडीसी) की ओर से आयोजित यह बैठक 26 सितंबर से शुरू हुई है और एक अक्टूबर तक चलेगी।

उच्चस्तरीय बैठक में मेघवाल “सतत विकास के लिए शांतिपूर्ण और समावेशी समाजों को सुनिश्चित करने हेतु अपराध निवारण, आपराधिक न्याय और विधि के शासन में तेजी लाना” विषय पर भारत की ओर से वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी का उद्देश्य डिजिटल युग के अनुरूप आपराधिक न्याय प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए भारत की ओर से की गई पहलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना है। इस दौरान भारत में लागू नई आपराधिक न्याय प्रणाली के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) तथा इनके कार्यान्वयन से जुड़े प्रमुख पहलुओं को भी प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक में साइबर अपराध, आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य पर्यावरणीय अपराधों से निपटने के लिए बेहतर अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माण और प्रभावी कार्यान्वयन पर भी भारत का पक्ष रखा जाएगा।

मेघवाल की यात्रा के दौरान भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें दोनों देशों के बीच सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव