पटरी पार करने, पायदान पर लटकने और बंद फाटक पार करने से बचें
रेलवे ने यात्रियों और वाहन चालकों से की सुरक्षा नियमों के पालन की अपील
जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। रेलवे ने यात्रियों और वाहन चालकों से कुछ सेकंड बचाने के लिए रेलवे ट्रैक पार नहीं करने, चलती ट्रेन के पायदान पर पैर लटकाकर यात्रा नहीं करने और बंद रेलवे फाटक पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि जल्दबाजी में उठाया गया ऐसा कोई भी कदम दुर्घटना का कारण बन सकता है। यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार समझाइश दी जा रही है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज, सबवे या निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। ट्रेन आती दिखाई देने पर उसकी दूरी और गति का अनुमान लगाकर रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास नहीं करने को कहा जा रहा है। यात्रियों को ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढऩे और उतरने की सलाह भी दी जा रही है।
त्रिपाठी ने यात्रियों और वाहन चालकों से रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल यात्रा के लिए रेलवे की ओर से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं,लेकिन यात्रियों और आमजन की सजगता भी महत्वपूर्ण है। निर्धारित सुरक्षित रास्तों का इस्तेमाल करें और रेलवे ट्रैक,चलती ट्रेन तथा समपार फाटक के आसपास सावधानी बरतें। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जल्दबाजी के बजाय सुरक्षा को प्राथमिकता दें और सुरक्षित रास्ते का ही इस्तेमाल करें।
चलती ट्रेन में गेट के पास खड़े होकर यात्रा करना अथवा पायदान पर पैर लटकाना जोखिमपूर्ण है। ट्रेनों में टीटीई और वाणिज्य स्टाफ यात्रियों को गेट से दूर रहने और पायदान पर पैर नहीं लटकाने की समझाइश दे रहे हैं। आरपीएफ की ओर से भी स्टेशनों पर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
रेलवे ने समपार फाटकों से गुजरने वाले वाहन चालकों से भी सावधानी बरतने को कहा है। फाटक बंद होने पर उसे पार करने या नीचे से निकलने का प्रयास नहीं करें। गेटमैन पर नियमों के विरुद्ध फाटक खोलने के लिए दबाव भी न बनाएं। ट्रेन के गुजरने और फाटक खुलने के बाद ही रेलवे क्रॉसिंग पार करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

