home page

सिलीगुडी में अनुराग ठाकुर व सांसद डॉ रावत ने झालमुड़ी खाकर मनाई जीत की खुशी

 | 
सिलीगुडी में अनुराग ठाकुर व सांसद डॉ रावत ने झालमुड़ी खाकर मनाई जीत की खुशी


उदयपुर, 05 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद सिलीगुडी में जश्न का अनोखा अंदाज देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने बंगाल के प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद लेकर जीत की खुशी मनाई। दोनों नेता पिछले कुछ दिनों से सिलीगुडी प्रवास पर रहकर पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे।

सांसद डॉ. रावत ने कहा कि बंगाल की जनता ने इस बार भय और हिंसा के माहौल को नकारते हुए भरोसे को चुना है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। रावत ने कहा कि बंगाल में अब परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है और राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार और हिंसा के खिलाफ मतदान किया है। अब पश्चिम बंगाल में भयमुक्त वातावरण स्थापित होगा और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। भाजपा ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अचानक एक स्टॉल पर जाकर झालमुड़ी खाने के बाद यह पारंपरिक व्यंजन देशभर में चर्चा का विषय बन गया था। अब भाजपा नेताओं द्वारा इसी अंदाज में जीत का जश्न मनाने से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता