home page

कृषि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 | 
कृषि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन


जोधपुर, 26 मई (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय के डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के प्रथम वार्षिकोत्सव मंथन 2026 का आयोजन विश्वविद्यालय के डॉ. पी जोशी ऑडिटोरियम में हुआ।

कार्यक्रम में अध्यक्षता कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मिल्क स्टेशन मंत्रा फूड एवं बेवरेज पाली के निदेशक निर्मल चौधरी मौजूद रहे।

इस मौके पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निर्मल चौधरी ने कहा कि राजस्थान में अब डेयरी उद्योग में प्रोसेसिंग के बेहतरीन अवसर मौजूद है, साथ ही इसमें दक्ष युवाओं की भी अत्यधिक मांग है। उन्होंने कहा कि अब डेयरी क्षेत्र में पारंपरिक तरीकों के अतिरिक्त नवाचारों पर काम कर विद्यार्थी काफी आगे जा सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को ट्रेनिंग के माध्यम से अधिक से अधिक सीख कर इस क्षेत्र के विशेषज्ञ बनने की बात कही। इस मौके पर विद्यार्थियों को आशीर्वाद वचन के रूप में कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने कहा कि यह मंच केवल सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शन का मौका नहीं अपितु विद्यार्थियों में छुपी बहुमुखी प्रतिभा को निखारने का सुनहरा अवसर है।

उन्होंने कहा विद्यार्थी भविष्य के शोधकर्ता, वैज्ञानिक व राष्ट्र के भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए नवाचारों को अपनाने, लक्ष्य के प्रति समर्पण, अटूट परिश्रम व सकारात्मक सोच रखने की बात कही। महाविद्यालय की विशेषाधिकारी डॉ. नलिनी रामावत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए महाविद्यालय की वार्षिक गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर निदेशक, छात्र कल्याण, डॉ. सेवाराम कुमावत व अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, जोधपुर व संकायाध्यक्ष डॉ. जीवाराम वर्मा भी अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में अकादमिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आभार डॉ प्रशांत साहनी ने जताया। मंच संचालन डॉ माया शर्मा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश