home page

पंचायती राज मंत्री का बड़ा एक्शन, बीडीओ निलंबित, 11 ग्राम विकास अधिकारी सस्पेंड

 | 
पंचायती राज मंत्री का बड़ा एक्शन, बीडीओ निलंबित, 11 ग्राम विकास अधिकारी सस्पेंड


बूंदी, 12 जून (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बूंदी जिले की केशवरायपाटन, तालेड़ा और हिंडोली पंचायत समितियों में सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर व्यापक प्रशासनिक कार्रवाई की है। मंत्री ने केशवरायपाटन पंचायत समिति के विकास अधिकारी को निलंबित कर उनका मुख्यालय पंचायती राज विभाग, जयपुर निर्धारित किया है, जबकि तालेड़ा पंचायत समिति के विकास अधिकारी को आदेशों की प्रतीक्षा में रखते हुए जयपुर मुख्यालय किया गया है।

मंत्री के निर्देश पर केशवरायपाटन, तालेड़ा और हिंडोली पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। तीनों पंचायत समितियों के संबंधित नोडल अतिरिक्त विकास अधिकारियों और सहायक अभियंताओं के खिलाफ भी 16 सीसीए के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा तीनों पंचायत समितियों से संबंधित सभी कनिष्ठ तकनीकी सहायकों को कार्यमुक्त करने के आदेश दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यरत तीनों ब्लॉकों के ब्लॉक समन्वयकों तथा जिला समन्वयक की सेवाएं भी समाप्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

कार्रवाई के तहत तालेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जमीतपुरा और सुवास, केशवरायपाटन की ग्राम पंचायत रड़ी और भीया तथा हिंडोली की ग्राम पंचायत धोबड़ा के प्रशासकों को पदमुक्त कर दिया गया है। वहीं तालेड़ा की ग्राम पंचायत देलूंदा, सींता और तीरथ तथा केशवरायपाटन की ग्राम पंचायत चड़ी, गुडली और लेसरदा के प्रशासकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

मंत्री दिलावर ने केशवरायपाटन की ग्राम पंचायत गुडली, चड़ी, रड़ी, भीया और लेसरदा, तालेड़ा की ग्राम पंचायत देलूंदा, सींता, तीरथ, सुवास और जमीतपुरा तथा हिंडोली की ग्राम पंचायत धोबड़ा के कुल 11 ग्राम विकास अधिकारियों को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ भी 16 सीसीए के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए हैं। निलंबित अधिकारियों और कर्मचारियों का मुख्यालय अन्य पंचायत समितियों में निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित 11 ग्राम पंचायतों में पिछले तीन वर्षों के दौरान वित्त आयोग और स्वच्छता मद के तहत प्राप्त एवं व्यय की गई राशि का विस्तृत विवरण सात दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने हाल ही में बूंदी जिले की केशवरायपाटन, तालेड़ा और हिंडोली पंचायत समितियों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की स्थिति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई थी। उसी निरीक्षण के आधार पर यह व्यापक प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित