राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष का अमृत उत्सव आज से, वर्तमान-पूर्व विधायकों का होगा ऐतिहासिक समागम
जयपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित अमृत उत्सव का आगाज बुधवार से होगा। उत्सव के पहले दिन वर्तमान और पूर्व विधायकों का ऐतिहासिक समागम आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि प्रदेशभर से आने वाले वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों के स्वागत और आवभगत के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। विशेष रूप से वरिष्ठ और वयोवृद्ध पूर्व विधायकों के ठहरने, आवागमन तथा चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। पूर्व विधायक मंगलवार से ही जयपुर पहुंचने लगे हैं। उनके ठहरने की व्यवस्था सर्किट हाउस, डाक बंगला, विधायक आवास गेस्ट हाउस और पंचायतीराज संस्थान के गेस्ट हाउस में की गई है।
राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
अमृत उत्सव को लेकर विधानसभा परिसर और राजधानी जयपुर को विशेष रूप से सजाया गया है। विधानसभा भवन को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जबकि शहरभर में अतिथियों के स्वागत के लिए होर्डिंग लगाए गए हैं।
देवनानी ने बताया कि विधानसभा के इतिहास में पहली बार इस तरह का आयोजन हो रहा है और यह समारोह ऐतिहासिक साबित होगा।
समारोह का उद्घाटन बुधवार सुबह 10 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। वहीं शाम चार बजे होने वाले समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अमृत उत्सव के दौरान आयोजित दो विशेष सत्रों में राजस्थान विधानसभा के 75 वर्षों के दौरान पारित महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में पूर्व और वर्तमान के 16 अनुभवी विधायक 24 महत्वपूर्ण कानूनों पर अपने विचार रखेंगे। यह चर्चा विधानसभा की संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक विकास और विधायी उपलब्धियों को रेखांकित करेगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार सुबह 8:15 बजे जयपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे लोकभवन जाएंगे और इसके बाद विधानसभा पहुंचकर अमृत उत्सव के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा देश की पहली विधानसभा बन गई है, जो अपने 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में इस प्रकार का अमृत उत्सव आयोजित कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

