home page

अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली जोधपुर मंडल के स्टेशनों की तस्वीर

 | 
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली जोधपुर मंडल के स्टेशनों की तस्वीर


जोधपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेल की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के जैसलमेर, बाड़मेर एवं गोटन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए इन स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय रेल द्वारा स्टेशनों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर मंडल के चौदह रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कराया जा रहा है। इनमें अधिकांश स्टेशनों पर स्टेशन भवनों के निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर एवं गोटन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन परियोजनाओं में यात्रियों की सुविधा, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाएं, सुरक्षा, स्वच्छता, ऊर्जा दक्षता तथा स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को विशेष महत्व दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मंडल के सीमांत जैसलमेर रेलवे स्टेशन का लगभग 140 करोड़ रुपए की लागत से मेगा पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन भवन को जैसलमेर की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य शैली के अनुरूप प्रसिद्ध पीले बलुआ पत्थर से विकसित किया गया है। इसी प्रकार बाड़मेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 17.83 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। वहीं गोटन रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 20.14 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है।

तीनों स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक एवं सुविधायुक्त वेटिंग रूम, उन्नत शौचालय, पेयजल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं का भी विकास किया गया है। इन कार्यों से यात्रियों को हर मौसम में अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध होगा। इन स्टेशनों की उद्घटान प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए निर्देशों की प्रतीक्षा है।

यात्री सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मंडल रेल प्रबंधक त्रिपाठी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए इन कार्यों से जोधपुर मंडल की रेल अवसंरचना को नई मजबूती मिली है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन स्टेशनों से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा तथा पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा। भारतीय रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार और विश्वस्तरीय स्टेशन विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश