home page

अलवर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का दिया संदेश

 | 
अलवर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का दिया संदेश


अलवर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का दिया संदेश


अलवर, 27 अगस्त (हि.स.)। निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी व जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यक्ष चौधरी के निर्देशन में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (स्वीप) गतिविधियों के अन्तर्गत मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान लक्ष्मणगढ़ एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केसरपुर में युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मतदाताओं को पहले मतदान, फिर जलपान करने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला स्वीप कार्डिनेटर शिवकुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं से संवाद करते हुए आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान करने तथा बिना किसी प्रलोभन, दबाव अथवा भेदभाव के नैतिक एवं निष्पक्ष मतदान करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। युवा मतदाता लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों एवं आसपास के नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान आईटीआई कॉलेज प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा एवं केसरपुर विद्यालय में ईएलसी प्रभारी सपना यादव सहित समस्त स्टाफ एवं बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार