समान नागरिक संहिता: दस जुलाई को अलवर में होगी जनसुनवाई, सुझाव लेंगे
अलवर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूनिफार्म सिविल कोड) लागू करने की दिशा में कार्रवाई के लिए जनसुनवाई के लिए जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा 10 जुलाई शुक्रवार को मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार एवं कमरा नम्बर 148 में प्रातः 10 बजे दोपहर 12ः30 बजे तक जनप्रतिनिधिगण के साथ एवं दोपहर 2 बजे से सांय 6 बजे तक आमजन के साथ जनसुनवाई आयोजित की जायेगी।
कलक्टर ने बताया कि जिला स्तर पर 10 जुलाई शुक्रवार को मिनी सचिवालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक निर्वाचित जनप्रतिनिधि सांसद, विधायक, जिला प्रमुख, नगर निगम महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, विभिन्न धर्माे के प्रतिनिधि, प्रतिष्ठित शिक्षाविद, विधिवेत्ता, सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत गैर सरकारी संगठनों के कार्यकर्ता व प्रतिनिधि, चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, एससी, एसटी, अल्पसंख्यक आयोग एवं महिला आयोग के सदस्य यूनीफॉर्म सिविल कोड के संबंध में गठित कमिटी को अपने सुझाव दे सकेंगे। वहीं दोपहर 2 बजे से सांय 6 बजे तक आमजन के साथ जनसुनवाई आयोजित की जायेगी। साथ ही आमजन वेबसाइट https://ucc.rajasthan.gov.in के माध्यम से अपने बहुमूल्य सुझाव साझा कर सकते है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

