अलवर में पानी की समस्या को लेकर प्रशासन अलर्ट: अधिकारियों ने सुबह-सुबह घर-घर पहुंचकर जांची पेयजल व्यवस्था
अलवर , 28 मार्च (हि.स.)। जिले में गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर शनिवार अलसुबह अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर), उपखण्ड अधिकारियों और तहसीलदारों ने जलदाय विभाग की टीम के साथ फील्ड में पहुंचकर पेयजल सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और आमजन से सीधे फीडबैक लिया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर बीना महावर ने अलवर शहर के अल्कापुरी, शिवाजी पार्क, वीर सावरकर नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नई बोरिंग में विद्युत कनेक्शन होते ही उन्हें तुरंत चालू कराने, खराब मोटर एवं उपकरणों की मरम्मत करने तथा पाइपलाइन लीकेज को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।
जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों और तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कर जलदाय विभाग को निर्देश दिए कि टेल एंड क्षेत्रों तक पानी की सप्लाई सुचारु रहे। जहां आवश्यकता हो वहां टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही राइजिंग लाइन से अवैध कनेक्शन हटाने और पेयजल शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए गए।
राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन लगातार पेयजल व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला स्वयं भी पूर्व में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुकी हैं।
आमजन पेयजल संबंधी समस्याएं निम्न माध्यमों से दर्ज करा सकते हैं —अलवर वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल
-वॉर रूम (मिनी सचिवालय, कक्ष 108)
0144-2338000
-जलदाय विभाग कंट्रोल रूम
0144-2337900
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

