home page

अलवर अस्पताल में जारी रहेगी सीटी स्कैन जांच सुविधा, मंत्री संजय शर्मा की पहल पर मिली स्वीकृति

 | 
अलवर अस्पताल में जारी रहेगी सीटी स्कैन जांच सुविधा, मंत्री संजय शर्मा की पहल पर मिली स्वीकृति


अलवर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। अलवर जिला चिकित्सालय में मरीजों को सीटी स्कैन जांच की सुविधा निरंतर मिलती रहेगी। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा की पहल पर राज्य सरकार ने नई सेवा शुरू होने तक वर्तमान सेवा प्रदाता मैसर्स क्योरवेल डायग्नोस्टिक सेंटर, अलवर को पूर्व निर्धारित शर्तों के अनुसार सीटी स्कैन जांच सेवाएं जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की है। इससे नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक मरीजों को जांच के लिए होने वाली संभावित परेशानी से राहत मिलेगी।

इस स्वीकृति के लिए संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेम चंद सैनी ने बताया कि नई निविदा प्रक्रिया विचाराधीन है। ऐसे में वर्तमान सेवा प्रदाता को पूर्व निर्धारित शर्तों एवं प्रावधानों के अनुरूप सीटी स्कैन जांच सेवाएं जारी रखने की अनुमति दी गई है, ताकि जिला चिकित्सालय आने वाले मरीजों को जांच सुविधा मिलती रहे।

अलवर शहर में दीपावली पर्व के दौरान बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य मंत्री संजय शर्मा ने स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास विभाग मंत्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र लिखा है। उन्होंने शहर के लिए कुल 6,000 एलईडी स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने की मांग की है।

पत्र में अलग-अलग क्षमता की एलईडी स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें 120 वॉट की 300, 70 वॉट की 2,200 और 50 वॉट की 3,500 एलईडी स्ट्रीट लाइट शामिल हैं। इन लाइटों की उपलब्धता से शहर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने और दीपावली के दौरान नागरिकों की सुरक्षा में मदद मिलने की उम्मीद है। अब संबंधित विभाग की ओर से मांग पर की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार